खगड़िया में जिला स्तरीय शारदीय (खरीफ) कार्यशाला का आयोजन, किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी
खगड़िया, 08 जून 2026।
शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026 के अंतर्गत सोमवार को खेल भवन, खगड़िया में जिला स्तरीय शारदीय (खरीफ) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खगड़िया सदर विधायक श्री बाबूलाल (बबलू) मंडल, बेलदौर विधायक श्री पन्नालाल पटेल, जिला कृषि पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया श्री धनंजय कुमार, कृषि विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार तथा बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग, फसल प्रबंधन, जल संरक्षण, कृषि यंत्रीकरण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने एवं नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसानों को उपलब्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है।
Khagaria, Bihar | Jun 8, 2026