✅ जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री ने हंडिया शाखा नहर संभाग की नहरों का किया निरीक्षण
जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री श्रीमती सोनम वाजपेयी ने गुरूवार को हंडिया शाखा नहर की मांगरुल वितरिका, पचोला वितरिका, चौकी वितरिका एवं अतरसमा माइनर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नहरों में साफ-सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्रीमती वाजपेयी ने किसानों से संपर्क कर सिंचाई संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्टाफ को निर्देशित किया।
उल्लेखनीय है कि रबी सिंचाई हेतु हरदा जिले के लिए 25 अक्टूबर 2026 को बांध से पानी छोड़ा जाना निर्धारित है। इसके मद्देनजर नहरों एवं वितरिकाओं में साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता से प्रगतिरत है, ताकि निर्धारित समय पर सिंचाई के लिए जल प्रवाह सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके। कार्यपालन यंत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा रबी सिंचाई के दौरान कृषकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Water Resources, Madhya Pradesh
#Harda #JalSansadhan #RabiSinchai2026 #KisanKalyan #हरदा