मेरा युवा भारत, करनाल
वंदे मातरम् कैंप में शामिल हुए करनाल के पांच युवा, राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अनुभव प्राप्त किया
करनाल, 19 अक्टूबर। मेरा युवा भारत करनाल के पांच चयनित युवाओं ने दिल्ली में आयोजित वंदे मातरम् कैंप में भाग लिया। इन युवाओं में नवीन, नीरू, कंचन रानी, दीपक यादव और सौरभ रमन शामिल थे। यह कैंप 13 से 19 अक्टूबर तक मेरा युवा भारत, पूर्वी दिल्ली द्वारा नई दिल्ली स्थित जयराम आश्रम में आयोजित किया गया। कैंप के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रप्रेम, नेतृत्व विकास, संवैधानिक जागरूकता और देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर मिला।
कैंप के दौरान प्रतिभागियों ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से संबंधित सत्रों में भाग लिया। इसके साथ ही संविधान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, नागरिक जिम्मेदारियों, युवा संसद, नेतृत्व विकास और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर आयोजित गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए मदर डेयरी प्लांट, राजघाट, दिल्ली विधानसभा, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट तथा संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं, खानपान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा दिया गया।
यह कैंप करनाल के पांचों युवाओं के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं यादगार अनुभव रहा। इस दौरान उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवाओं के साथ संवाद करने, नई जानकारियां प्राप्त करने और अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। कैंप से प्राप्त अनुभव एवं सीख युवाओं को अपने जिले में युवा जागरूकता और सामाजिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।
मेरा युवा भारत, करनाल द्वारा युवाओं को ऐसे अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया, जो उनमें राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदार नागरिकता, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं।