नाडा साहिब गुरुद्वारे में महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी! माथा टेकते समय शातिर महिला ने किया हाथ साफ, CCTV में कैद हुईं दो महिलाएं
पंचकूला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां धार्मिक स्थल पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पंचकूला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में माथा टेकने आई दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी हो गया। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर-81 में रहने वाली नवनीता चड्ढा बहेरा 18 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे से 11 बजकर 45 मिनट के बीच गुरुद्वारा नाडा साहिब में दर्शन करने पहुंची थीं। जब वह माथा टेक रही थीं, उसी दौरान कथित तौर पर एक अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके बैग से पर्स निकाल लिया।
पीड़िता के मुताबिक, चोरी हुए पर्स में करीब 8 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, दिल्ली यूनिवर्सिटी का आई-कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और HSBC, SBI व HDFC बैंकों के तीन क्रेडिट/डेबिट कार्ड मौजूद थे।
पर्स चोरी होने का शक होने पर पीड़िता ने तुरंत गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन कार्यालय से संपर्क किया। इसके बाद परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कथित तौर पर दो महिलाएं दिखाई दीं, जिनमें से एक पर पर्स चोरी करने का संदेह है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना SHO रामपाल के मुताबिक, पुलिस गुरुद्वारा परिसर की CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia