रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी अभय रक्सेल ने कारपेंटर अमन पटेल पर चाकू से छह वार किए, जिससे अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात के बाद आरोपी ने वायरल CCTV फुटेज का रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें “कमिंग सून जेल” लिखा था। इसके बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
आरोपी अभय रक्सेल के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास के तीन मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चाकूबाजी और लूटपाट के मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और मामले की जांच जारी है।