हिम दृष्टि न्यूज़
दिनांक: 06 अगस्त 2026
मुगला में एनएच-154ए की नाली की सफाई पर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता, पानी निकासी का स्थायी समाधान करने की मांग
चंबा। मुगला कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154ए के किनारे स्थित नाले की एनएचएआई द्वारा सफाई किए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि पूर्व में इसी कलवर्ट (Culvert) के माध्यम से भारी मात्रा में वर्षा का पानी निचले मुगला क्षेत्र की ओर गया था, जिससे कई स्थानीय मकानों तथा श्मशान घाट मार्ग को नुकसान पहुंचा था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि केवल नाले की सफाई करना समस्या का समाधान नहीं है। उनकी मांग है कि इस निकासी मार्ग को बंद कर वर्षा जल की उचित चैनलाइजेशन (Channelization) की जाए, ताकि पानी को सुरक्षित दिशा में निकाला जा सके और भविष्य में किसी प्रकार का नुकसान न हो।
प्रभावित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी दिनों में भारी वर्षा होती है तो निचले मुगला क्षेत्र में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग तथा जिला प्रशासन की होगी।
स्थानीय नागरिकों शिवकरण चंद्रा, राकेश कुमार, दिनेश कुमार एवं गुरचरण ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Chamba, Chamba | Aug 6, 2026