पटना। बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से पिछले तीन महीनों में प्रदेश के सभी जिलों में 600 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है।
जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि कुछ का विनिर्माण कार्य बंद कराया गया है। इसके अलावा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए और खाद्य सामग्री भी जब्त की गई।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिहार के लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर नागरिक को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास भी जारी हैं। मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।