बरहरवा। हावड़ा-गया एक्सप्रेस में अवैध बीयर छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना पर बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने ट्रेन में विशेष जांच अभियान चलाया। बरहरवा से तीनपहाड़ के बीच स्लीपर कोच एस-2 और एस-3 की जांच के दौरान एस-3 के शौचालय की छत के ऊपर लगे प्लाईवुड पैनल के अंदर एक गुप्त जगह मिली। पैनल खोलकर तलाशी लेने पर वहां से 500 मिलीलीटर के 40 बडवाइजर मैग्नम बीयर कैन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने बरामद बीयर को तीनपहाड़ स्टेशन पर उतारकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया। इसके बाद बीयर को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। मामले की सूचना साहिबगंज उत्पाद विभाग को दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद बीयर उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।