जनपद बस्ती 07 नवम्बर 2026
जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हर्रैया तहसील सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
उन्होने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी अपनी समस्या के समाधान की अपेक्षा से ही सरकारी कार्यालयों में आता है, इसलिए जनता की समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही जन-शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए पुलिस से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनें तथा थाने पर आने से सहजता से बात करें। उप जिलाधिकारी प्रदुम्न कुमार ने बताया कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 09 का निस्तारण हुआ। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 26, पुलिस विभाग से 09, विद्युत विभाग से 04, विकास विभाग से 08, आपूर्ति विभाग से 16 प्रार्थना पत्र है।
इस अवसर पर सीएमओ डा. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएचओ अरूण त्रिपाठी, पशुचिकित्साधिकारी डा. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Nov 7, 2026