भिवानी के भगत सिंह चौक पर हुआ त्रिवेणी रोपण, दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
प्रकृति और मानव जीवन का आधार है त्रिवेणी : त्रिवेणी बाबा
भिवानी, 16 अक्तूबर : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय भगत सिंह चौक पर शुक्रवार को त्रिवेणी रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरणविद त्रिवेणी बाबा और समर्पित पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने मुख्य रूप से उपस्थिति दर्ज कराई और त्रिवेणी का रोपण करके क्षेत्रवासियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का एक खूबसूरत और प्रेरणादायक संदेश दिया। इस मौके पर त्रिवेणी बाबा ने त्रिवेणी रोपण के धार्मिक, वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में पीपल, बरगद और नीम के संयुक्त रोपण को त्रिवेणी कहा जाता है, जो केवल एक पौधारोपण प्रक्रिया नहीं बल्कि आने वाली पीढिय़ों के जीवन को सुरक्षित करने का एक पावन यज्ञ है। त्रिवेणी बाबा ने बताया कि पीपल चौबीसों घंटे ऑक्सीजन का मुख्य स्रोत है, बरगद अपनी विशाल छाया और मजबूत जड़ों से धरती को नया जीवन देता है, जबकि नीम वातावरण में फैले हानिकारक जीवाणुओं का नाश कर हवा को शुद्ध करता है। जब ये तीनों वृक्ष एक साथ फलते-फूलते हैं, तो उस स्थान का पर्यावरण पूरी तरह से शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण और असंतुलित होते मौसम के चक्र को संभालने के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। नेहरा ने कहा कि पौधा लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसकी लगातार देखभाल करना है। जब तक यह त्रिवेणी विशाल वृक्ष का रूप नहीं ले लेती, तब तक इसकी सुरक्षा और सिंचाई की जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर उठानी होगी। उन्होंने शहर के युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों, जैसे जन्मदिन और वर्षगांठ पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं। कार्यक्रम के अंत में दोनों पर्यावरण प्रेमियों ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर फकीरचंद, सोनू, जितेन्द्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।