मऊ - एसआरएमडी ग्लोबल अकादमी में गूंजा जय श्रीराम, नन्हे कलाकारों ने रामलीला से मोहा मन
मऊ में बच्चों ने जीवंत किया रामायण का प्रसंग, रावण वध के साथ दिया सत्य की असत्य पर विजय का संदेश
मऊ, रानीपुर ब्लॉक के अंतर्गत बस्ती स्थित एसआरएमडी ग्लोबल अकादमी (नंदिनी गोदाम के बगल) में शनिवार को भव्य बाल रामलीला का मंचन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने शानदार अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। बच्चों की कला और प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
रामलीला में शिवाय ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, प्रियांश ने लक्ष्मण, प्राची ने माता सीता और आर्यांश ने हनुमान की भूमिका निभाई। सभी बाल कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। रावण वध के साथ रामलीला का समापन हुआ, जिसमें सत्य की असत्य पर और धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया गया।
बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति की क्षेत्र में खूब चर्चा रही। स्थानीय लोगों ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ बच्चों को धार्मिक और सांस्कृतिक संस्कार देना आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
वहीं, एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने बच्चों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिनय कला का विकास करते हैं।
Maunath Bhanjan, Mau | Oct 17, 2026