हार्वेस्टर की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर घायल; भागते समय चमरैया मोड़ पर पलटा हार्वेस्टर
शाहनगर (पन्ना)। शाहनगर थाना क्षेत्र के बोरी रोड स्थित लमतरा गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां हार्वेस्टर से जुड़े घटनाक्रम के दौरान 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लमतरा गांव में एक हार्वेस्टर चालक द्वारा कथित तौर पर दीवार गिरा दी गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने हार्वेस्टर को रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को पीछा करते देख चालक ने हार्वेस्टर की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान कुछ ग्रामीण बाइक से हार्वेस्टर का पीछा करते हुए उसे रुकवाने का प्रयास करने लगे।
इसी बीच ठेपा के नजदीक बाइक सवार हार्वेस्टर की चपेट में आ गए। हादसे में लमतरा निवासी रामफल यादव (27 वर्ष), पिता भगवानदास यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रहलाद यादव (30 वर्ष), पिता मुन्ना यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद डायल 112 की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने दी हार्वेस्टर पलटने की जानकारी
शाहनगर थाना अंतर्गत बोरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सिंह मसराम ने बताया कि हार्वेस्टर का पीछा किया गया था। तेज रफ्तार से भागने के दौरान हार्वेस्टर रैपुरा थाना क्षेत्र के चमरैया मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।
युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव और यादव समाज में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम और हार्वेस्टर चालक के संबंध में जांच में जुटी है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
शाहनगर क्षेत्र की सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए हमारे फेसबुक पेज Gajendra singh को फॉलो करें।
#Shahnagar #PannaNews #RoadAccident #BreakingNews #MadhyaPradesh
Shahnagar, Panna | Nov 22, 2026