जमुई: एक साथ 05 आशकार्यकर्ता चयनमुक्त, सिविल सर्जन ने जारी किया आदेश, मचा हड़कंप
स्वास्थ्य विभाग के कार्यों में लापरवाही और सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति उदासीनता बरतना सोनो प्रखंड की पांच आशा कार्यकर्ताओं को महंगा पड़ गया। विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचों आशा कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया है। जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा जारी आदेश के बाद स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गई है, अन्य लापरवाह आशा कार्यकर्ता के बीच दहशत फैली हुई है। उक्त जानकारी शुक्रवार की शाम 4:00 बजे दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित आशा कार्यकर्ताओं पर पिछले दो वर्षों से आशा संबंधी कार्य नहीं करने, अश्विन पोर्टल पर प्रोत्साहन राशि का दावा प्रस्तुत नहीं करने तथा बिना किसी वैध कारण के स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठकों और आशा दिवस में अनुपस्थित रहने का आरोप है। इसके अलावा पल्स पोलियो अभियान, मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी उनकी सहभागिता नहीं होने की बात सामने आई है।
*पांच आशा कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई*
विभागीय आदेश में चयनमुक्त की गई आशा कार्यकर्ताओं में संगीता देवी, सलमा खातून, जयंती देवी, साजो खातून और आसमा खातून शामिल हैं। ये सभी सोनो प्रखंड के अमझरी, ढोढरी, छप्परडीह और बेलम्बा पंचायत क्षेत्र के स्वास्थ्य उपकेंद्रों से संबंधित हैं।
*कई बार मांगा गया स्पष्टीकरण, नहीं मिला जवाब*
विभागीय आदेश में बताया गया है कि राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के 22 मई 2020 के दिशा-निर्देश और आशा चयन मार्गदर्शिका की कंडिका-07 के तहत कार्रवाई की गई है। संबंधित आशा कार्यकर्ताओं के कार्य मूल्यांकन में न्यूनतम अनिवार्य मानक पूरा नहीं होने पर प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक के प्रस्ताव के आधार पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सोनो ने कई बार स्पष्टीकरण मांगा था। इसके लिए 14 जुलाई 2021, 21 सितंबर 2022, 29 अप्रैल 2024, 29 मई 2025 और 23 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी किए गए थे। आदेश में उल्लेख है कि बार-बार मौका दिए जाने के बावजूद संबंधित आशा कार्यकर्ताओं ने स्पष्टीकरण का जवाब उपलब्ध नहीं कराया। इसके बाद विभाग ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर चयनमुक्ति की कार्रवाई की।
*सिविल सर्जन ने जारी किया आदेश*
जिला स्वास्थ्य समिति के ज्ञापांक 1930, दिनांक 12 नवंबर 2026 के तहत जारी आदेश पर सिविल सर्जन-सह-सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से कार्रवाई की गई है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित आशा कार्यकर्ताओं के साथ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सोनो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति तथा राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार को भी भेजी गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। #jamuibihar #jamuijila #sono #asha
Jamui, Jamui | Nov 13, 2026