समाजवादी पार्टी कार्यालय मऊ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई वैश्य समाज के पुरोधा दानवीर भामाशाह जी की जयंती
मऊ। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश एवं समाजवादी व्यापार सभा के निर्देश पर जनपद मऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में वैश्य समाज के गौरव, राष्ट्रभक्त, महान दानवीर एवं त्याग की प्रतिमूर्ति भामाशाह जी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री दूधनाथ यादव एवं समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष श्री शिवम सोनी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भामाशाह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि दानवीर भामाशाह जी केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारतवर्ष के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय अपना संपूर्ण धन राष्ट्र रक्षा एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित कर त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि समाज और राष्ट्र के हित को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री दूधनाथ यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की पक्षधर रही है। भामाशाह जी के आदर्श आज भी समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष श्री शिवम सोनी ने कहा कि व्यापारियों और वैश्य समाज का देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भामाशाह जी का त्याग और समर्पण प्रत्येक व्यापारी एवं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द, व्यापारी हितों की रक्षा तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी एवं समाजवादी व्यापार सभा के अंकित मद्धेशिया, शहनवाज आलम, रत्नेश भारती, प्रीतम मद्धेशिया, वेद सोनकर,मनीष साहू, मो0 अयूब,रामविलास यादव अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा वैश्य समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।