एक तरफ अस्पताल में मरीजों को बेड नहीं मिल रहा... तो दूसरी तरफ खाली पड़े बेड पर लावारिस कुत्ते आराम फरमा रहे हैं। पिथौरागढ़ के जिला अस्पताल की ये तस्वीरें स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
पिथौरागढ़ के जिला अस्पताल से सामने आई ये तस्वीरें सिस्टम के दावों पर सवाल खड़े करने वाली हैं। 120 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने पर कई मरीजों को बरामदे में सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
लेकिन हैरानी की बात ये है कि जहां मरीजों को इलाज के लिए बेड नहीं मिल रहे, वहीं अस्पताल के वार्ड और पेइंग वार्ड के खाली बिस्तरों पर लावारिस कुत्ते आराम फरमाते नजर आ रहे हैं।
जाराजिबली के बीडीसी सदस्य रमेश धामी का आरोप है कि वह अपनी मां बसंती देवी का टायफाइड का इलाज कराने अस्पताल में मौजूद हैं। उनके मुताबिक पिछले तीन दिनों से शाम होते ही कुत्ते खाली बेड पर आकर बैठ जाते हैं। उन्हें भगाने की कोशिश करने पर कुत्ते तीमारदारों पर झपटने की कोशिश करते हैं।
आरोप है कि रात में सुरक्षाकर्मियों से शिकायत भी की गई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
अब सवाल सिर्फ अस्पताल की व्यवस्था का नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण के खतरे का भी है। अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले बिस्तरों पर अगर लावारिस कुत्ते लगातार बैठते या सोते हैं, तो साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।
इसके अलावा मरीजों और तीमारदारों ने चादर और तकिये समय पर बदले जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ऐसे में चिंता ये है कि इलाज कराने पहुंचे मरीज कहीं अस्पताल से किसी संक्रमण का जोखिम लेकर घर तो नहीं लौट रहे?
खास बात ये है कि पिछले एक महीने में जिलाधिकारी, सीएमओ समेत कई जिम्मेदार अधिकारी जिला अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए थे।
लेकिन अस्पताल के बेड पर सोते लावारिस कुत्तों की तस्वीरें इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही हैं।
मामले पर जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल के बिस्तरों पर कुत्तों का सोना गंभीर मामला है। अगर ऐसा हुआ है तो इसे ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही माना जाएगा।
अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद कार्रवाई कितनी होती है और अस्पताल में मरीजों को बेड के साथ सुरक्षित और साफ-सुथरा इलाज कब तक मिल पाता है।
#पिथौरागढ़ #जिला_अस्पताल #Pithoragarh #HospitalNews #उत्तराखंड #UttarakhandNews #स्वास्थ्य_व्यवस्था #HealthSystem #अस्पताल_की_लापरवाही #HospitalNegligence #मरीजों_की_सुरक्षा #स्वास्थ्य_विभाग #लावारिस_कुत्ते #HospitalNews #ViralNews #BreakingNews #LatestNews #UttarakhandNews #PithoragarhNews #उत्तराखंड_न्यूज #स्वास्थ्य_व्यवस्था #मरीज #ViralVideo #ViralNews #NewsUpdate #GroundReport