🚨अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सीएम धामी ने 9.93 लाख पेंशनरों को दी ₹147 करोड़ से अधिक की पेंशन
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों के साथ निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के 5 विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि जारी करते हुए 9,93,886 पेंशनरों को ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की पेंशन का भुगतान किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठजनों के कल्याण की शपथ भी दिलाई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
सीएम धामी ने कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षाकवच होते हैं। उनके अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की मौजूदगी से परिवार में अपनापन, अनुशासन और आत्मीयता बनी रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा उनकी जिम्मेदारी है। राज्य में वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1500 पेंशन दी जा रही है और पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रमों का निर्माण कराया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि उनकी इच्छा है कि वरिष्ठजनों को वृद्धाश्रम में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच सम्मान के साथ रहने का अवसर मिले। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए लागू कानूनों, दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना और आयुष्मान भारत योजना का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।