मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी : ढाणी चेजरण में पोषण पंचायत आयोजित
महिलाओं को स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक
स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का आधार है सही पोषण : सुपरवाइजर रेखा शर्मा
भिवानी, 20 सितंबर। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत भिवानी शहरी क्षेत्र की ढाणी चेजरण में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ पहल के अंतर्गत पोषण पंचायत का आयोजन किया गया। भिवानी के अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण के दिशा-निर्देशों में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग की सुपरवाइजर रेखा शर्मा ने की। उनके नेतृत्व में पोषण कैलेंडर के अनुसार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान महिलाओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, एनीमिया से बचाव तथा गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए आवश्यक पौष्टिक आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी केंद्र में तैयार की जाने वाली विभिन्न पौष्टिक रेसिपी और उनमें मौजूद पोषक तत्वों के लाभों के बारे में भी महिलाओं को बताया गया। कार्यक्रम को अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए महिलाओं के बीच विशेष रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं से उनकी तैयार की गई डिश में मौजूद पोषक तत्वों से संबंधित सवाल-जवाब किए गए, जिससे उनके पोषण संबंधी ज्ञान में वृद्धि हुई।
इसके अलावा, डिजिटल दौर को देखते हुए महिलाओं को बच्चों के साथ-साथ स्वयं का भी मोबाइल स्क्रीन टाइम कम करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बच्चों के साथ शारीरिक गतिविधियों, खेलकूद और पारिवारिक संवाद को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुपरवाइजर रेखा शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पूरे समुदाय के पोषण और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ का उद्देश्य यही है कि हर महिला अपने और अपने परिवार के खान-पान एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहे।
उन्होंने कहा कि एनीमिया जैसी गंभीर समस्या से बचाव के लिए महिलाओं को समय-समय पर अपने हीमोग्लोबिन की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह के दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि सही पोषण का संदेश हर घर तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुकेश, ईश्वर, सुमित्रा, उषा और शारदा सहित क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।