वृंदावन ग्राम बंधीकला में सामूहिक रूप से मनाई गई #गोवर्धन_पूजा
वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार एवं विधायक श्रीमती ललिता यादव ने किया गो-पूजन, पशुपालकों को किया सम्मानित
दुग्ध उत्पादन में श्री ज्वाला प्रसाद तिवारी प्रथम, श्री दौलत सिंह कुशवाहा द्वितीय एवं श्री पारस राम यादव तृतीय स्थान पर रहे
-
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर राज्य शासन द्वारा घोषित वृंदावन ग्राम बंधीकला की गौशाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती ललिता यादव उपस्थित रहीं। साथ ही जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजन किया। इस दौरान गायों को गुड़ एवं हरा चारा खिलाया गया। इसके पश्चात आयोजित पशुपालक सम्मान समारोह में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के अंतर्गत दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया गया। इसमें ज्वाला प्रसाद तिवारी ने प्रथम, दौलत सिंह कुशवाहा ने द्वितीय तथा पारस राम यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
गौ-संरक्षण और सामूहिक पूजा हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग : राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार
राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि गोवर्धन पूजा और गौ-पूजन हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपरा का अभिन्न अंग है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में दशहरे पर प्राचीन परंपरा के अनुरूप पूरे प्रदेश में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जिले की प्रत्येक विधानसभा में एक गांव को वृंदावन ग्राम घोषित किया गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में गौवंश से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। घरों में गोवर्धन पूजा की परंपरा रही है, लेकिन सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन विशेष महत्व रखता है। पशुपालकों के बीच दुग्ध उत्पादन की प्रतियोगिता से उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहन एवं सम्मान मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विकास के साथ सांस्कृतिक परंपराओं को भी दे रहे बढ़ावा : विधायक श्रीमती ललिता यादव
विधायक श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में विकास कार्यों के साथ ही ऐसे पवित्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने गोवर्धन पूजा के महत्व और हमारी प्राचीन परंपराओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार एवं विधायक श्रीमती ललिता यादव ने पारंपरिक दिवारी नृत्य में भी सहभागिता की।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Dilip Ahirwar
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
Department of Forest, Madhya Pradesh
Sagar Commissioner
Collector Office Chattarpur
#chhatarpur
#JansamparkMP #MadhyaPradesh
#GoverdhanPooja #गोवर्धन_पर्व