कापरेन को 31.11 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने आईटीआई सहित अन्य विकास कार्यो का किया शिलान्यास
कापरेन। लोकसभा अध्यक्ष Om Birla ने गुरुवार को कापरेन में प्रस्तावित आईटीआई सहित नगरीय विकास से जुड़े 31.11 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्पीकर बिरला ने कहा कि केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।हमारा संकल्प केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।ओम बिरला ने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से आईटीआई की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। आईटीआई की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कापरेन में आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के उन्नयन जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।