सम्भल में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत 5 घायल DM एवं SP ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों के उपचार के दिए निर्देश वीडियो को शेयर
यूपी के जनपद सम्भल में आज प्रातः आगरा-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बमनेटा के निकट एक दुखद सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्राइसाइकिल को बचाने के प्रयास में एक ऑटो सामने से आ रहे बजरी लदे डंपर से टकरा गया। हादसे में छह लोगों की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा हादसे के कारणों की जानकारी ली। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए उप जिलाधिकारी चंदौसी, क्षेत्राधिकारी बहजोई, ट्रैफिक क्षेत्राधिकारी तथा एआरटीओ की संयुक्त जांच टीम गठित की गई है। जिलाधिकारी ने जांच टीम को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हादसे में मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने श्री बांकेबिहारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा उनका उपचार प्रशासन की ओर से कराया जाए।इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहजोई पहुंचकर भी घायलों का हालचाल जाना।जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।हादसे में गंभीर रूप से घायल ब्रजकिशोर को जिला अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए कॉसमॉस अस्पताल, मुरादाबाद रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मृतकों के आश्रितों को शासन की पात्र योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए तथा मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत देय लाभ भी नियमानुसार उपलब्ध कराया जाए।