देरवालिया में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बड़वानी 10 जुलाई 2026/कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना द्वारा पाटी विकास खंड के ग्राम देरवालिया में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि श्री के. सी. वास्केल ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है, मिट्टी की उर्वरता एवं जैविक गुणवत्ता में वृद्धि होती है तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को जीवामृत तैयार करने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। श्री वास्केल ने जीवामृत बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री, उसकी सही मात्रा, निर्माण प्रक्रिया तथा खेतों में उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीवामृत मिट्टी में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ाकर पौधों की वृद्धि, पोषक तत्वों की उपलब्धता तथा भूमि की उर्वरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने किसानों को बीजामृत, घनजीवामृत, आच्छादन (मल्चिंग), वाफसा तथा जैविक कीट एवं रोग प्रबंधन जैसी प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के संतुलित एवं सीमित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अग्रणी जिला प्रबंधक श्री वरुण चावड़ा ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए योजना के उद्देश्य, पात्रता, बीमा कराने की प्रक्रिया, दावा निपटान तथा प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान की स्थिति में मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा एवं योजना का लाभ प्राप्त हो सके। कार्यक्रम के दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए प्राकृतिक खेती एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने जीवामृत निर्माण की प्रक्रिया को रुचिपूर्वक समझा तथा अपने खेतों में प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री नवीन श्रीवास्तव, श्री भारत सिंह सोलंकी (सहायक संचालक कृषि), प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री सुनील मुजाल्दे, फसल बीमा कंपनी के तहसील प्रतिनिधि श्री सावन चौहान, कृषि विस्तार अधिकारी श्री शांतिलाल गोरे एवं श्री संतोष मालवीय,अजय परिहार आत्मा परियोजना पाटी के बीटीएम श्री अरविन्द अवास्या तथा एटीएम श्री करण बड़ोले सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
24 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026