#आईजी_ने_मदरसे_का_दौरा_किया..
भरतपुर। डीग जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मिल मदरसे में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर रेंज आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा, जिला कलेक्टर मयंक मनीष और एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उस सेफ्टी टैंक के साथ-साथ मदरसे के छात्रावास, कमरों, लाइब्रेरी और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा ने सख्त लहजे में कहा कि यह गंभीर जांच का विषय है कि नाबालिग छात्राएं सेफ्टी टैंक तक कैसे पहुंचीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने बताया कि हादसे की निष्पक्ष जांच के लिए 5 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है, जो यह पता लगाएगी कि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं और किसी भी स्तर पर चूक मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों व मदरसा प्रबंधन के बयान लेकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने सभी घायल छात्राओं के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है। मौका मुआयने के दौरान कामां वृत्ताधिकारी सीताराम बैरवा, गोपालगढ़ थाना प्रभारी रामनरेश मीणा, सीकरी थाना प्रभारी मुकेश कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।