#बाकी_2_बदमाश_भी_हुए_गिरफ्तार..
भरतपुर। जिला पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। आईजी कैलाशचंद्र विश्नोई और एसपी राजेश कुमार मीना के निर्देशन में गठित विभिन्न टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर (यूपी) से वांछित बदमाश प्रवीण उर्फ बॉबी और बलराम को राउंडअप किया। इन दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। जिला पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पकड़े गए बदमाशों ने बीते 4 जुलाई की रात को चिकसाना क्षेत्र में व्यवसाई प्रमोद कुमार मित्तल पर लूट के इरादे से जानलेवा फायरिंग की थी और इसके बाद सेवर क्षेत्र में बर्तन व्यापारी चंद्रभान से 5 लाख रुपए लूटने का प्रयास किया था। दोनों ही घटनाओं में व्यापारियों द्वारा बहादुरी से विरोध करने पर बदमाशों ने गोलियां चला दी थीं, जिससे इलाज के दौरान व्यापारी चंद्रभान की मौत हो गई थी, जबकि प्रमोद मित्तल घायल हो गए थे। इस दोहरे कांड से शहर के व्यापारियों और आमजन में भारी आक्रोश था, जिसके बाद पुलिस ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान की। जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर से आरोपियों को लेकर लौट रही पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को नगला केवल गांव के पास बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। लघुशंका के बहाने रुके आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी ने पुलिस जाप्ते से पिस्टल छीनकर थानाधिकारी बृजेश कुमार मीना पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी बलराम भागने के प्रयास में पत्थर से टकराकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोचकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पुलिस कस्टडी में उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में एक आरोपी महेश उर्फ सैलू को गिरधरपुर टोल के पास से पुलिस मुठभेड़ में 8 जुलाई को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों से शहर की अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।