गोठ ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
बाटोदा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को बरनाला तहसील की ग्राम पंचायत गोठ में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ एसडीएम मनीष कुमार जाटव ने किया, जबकि अध्यक्षता तहसीलदार राकेश कुमार मीणा ने की। ग्राम विकास अधिकारी बनवारी लाल मित्तल ने बताया कि शिविर में राजस्व, पंचायत राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जलदाय, विद्युत तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, नामांतरण, भूमि संबंधी प्रकरण, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वच्छता तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया।