होली ऐंजिल स्कूल ने जीता क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच
राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ’’
श्रीनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्व. पंडित जगराम गौड़ की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को चैरास स्थित गढ़वाल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में होली ऐंजिल स्कूल देवली ने आरसी मैमोरियल स्कूल को 20 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ रंगकर्मी विमल प्रसाद बहुगुणा, रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के अध्यक्ष धनेश उनियाल, सचिव अजय प्रकाश जोशी, प्रदीप मल्ल, राबाइंका मलेथा की पूर्व प्रधानाचार्य बीना मेहरा और उम्मेद सिंह मेहरा ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के अध्यक्ष धनेश उनियाल ने कहा कि बालिकाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर मंच, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। कहा कि प्राथमिक बालिका वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता एवं महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के संस्थापक देवेंद्र गौड़ के ओर से विगत 9 वर्षों से आयोजित की जा रही प्रतियोगिताओं से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। कहा कि खेलों के माध्यम से बेटियां राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं। आयोजक देवेंद्र गौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की बालिका क्रिकेट टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया। इस मौके पर मंगत मठियाल, कुलदीप कुमार, उपासना भट्ट, दीपा भट्ट सहित आदि मौजूद थे।