अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा थाना सेहरामऊ दक्षिणी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शाहजहांपुर -पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र सिंह द्वारा थाना सेहरामऊ दक्षिणी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया गया तथा अभिलेखों को नियमानुसार अद्यावधिक रखने एवं उनमें आवश्यक प्रविष्टियां समय से अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया। थाना परिसर में साफ-सफाई, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था को चेक किया गया। सभी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखने, कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा थाना आने वाले फरियादियों/आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विवेचनाओं एवं अभियोगों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया ।
निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाए रखने, रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए।