#सेवा_संकल्प_अभियान के तहत पुलिस कार्यालय में चला स्वच्छता अभियान
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया श्रमदान
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। वहीं महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह मनाया जा रहा है। दोनों अभियानों के अंतर्गत जिले में जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 4 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर नीमच में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया। परिसर में फैले कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। स्वच्छता केवल परिसर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एवं मद्य निषेध सप्ताह के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद और सहभागिता को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि नीमच पुलिस स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
स्वच्छता अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, रक्षित निरीक्षक श्री अजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#Neemuch #नीमच
1 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026