चारखेड़ा में वन विभाग का रोजगार मेला सम्पन्न
---
युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ने की दिशा में वन विभाग द्वारा खंडवा जिले में एक महत्वपूर्ण एवं अभिनव पहल करते हुए शनिवार को चारखेड़ा के बटरफ्लाई पार्क में वृत्त स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस रोजगार मेले में सीसीएफ खंडवा श्री बसु कनोजिया एवं डीएफओ खंडवा श्री राकेश कुमार डामोर सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने वन विभाग खंडवा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं और रोजगार प्रदाता कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। मंत्री डॉ विजय शाह ने कहा कि वन विभाग खंडवा द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला इस बात का उदाहरण है कि वन विभाग केवल वन एवं पर्यावरण संरक्षण तक सीमित न रहते हुए वन क्षेत्रों एवं आसपास निवास करने वाले युवाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विभाग की यह पहल निश्चित रूप से महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री डॉक्टर विजय शाह ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह के रोजगार मिले आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि जनजातीय वर्ग के युवाओं को बेहतर रोजगार दिलाने के लिए सरकार हर संभव मदद कर रही है। जनजातीय वर्ग के युवाओं को उच्च शिक्षित करने, तथा उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने पर छात्रवृत्ति एवं आर्थिक सहायता के रूप में भी सरकार मदद देती है। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि हरसूद एवं खालवा क्षेत्र के जनजातीय वर्ग के कम पढ़े लिखे हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें सिक्योरिटी गार्ड या हैवी व्हीकल ड्राइवर का भी प्रशिक्षण एवं लाइसेंस दिलाया जाएगा ताकि वे पहले से अधिक आय प्राप्त कर सकें।
डीएफओ श्री राकेश डामोर ने बताया कि वन विभाग खंडवा द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में देश की 50 से अधिक कंपनियों ने सहभागिता की। रोजगार की तलाश कर रहे क्षेत्र के युवाओं के लिए वन विभाग की यह पहल एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई। मेले में 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं पास तथा स्नातक की पढ़ाई पूर्ण नहीं कर सके युवाओं सहित 1000 से अधिक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोजगार मेले में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 500 युवक-युवतियों का चयन विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए किया गया। चयनित युवाओं को संबंधित कंपनियों द्वारा दो माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें 13,000 रुपये तक का भत्ता प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात युवाओं को उनकी योग्यता एवं कार्य के अनुसार 20,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वनमंडल खंडवा एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रोजगार मेले में युवाओं की उत्साहजनक सहभागिता और बड़ी संख्या में हुए चयन से क्षेत्र में रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Department of Forest, Madhya Pradesh
#khandwa
Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 12, 2026