प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
02 अक्टूबर 2026
शीर्षक: महात्मा गांधी जयंती पर जिला पदाधिकारी ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बच्चों को गांधीजी के आदर्शों को जीवन में उतारने का दिया संदेश।
जमुई: महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आज जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों एवं बच्चों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपने जीवन, आचरण और व्यवहार में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बच्चों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी जैसे गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पदाधिकारी ने बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से सदैव दूर रहने तथा तकनीक का उपयोग सकारात्मक एवं रचनात्मक उद्देश्यों के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक ज्ञान और शिक्षा का प्रभावी माध्यम है, इसलिए बच्चे इसका उपयोग अध्ययन, ज्ञान-वृद्धि एवं अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए करें। आगे उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके संस्कार, व्यवहार और सोच आने वाले समाज की दिशा तय करेंगे। गांधीजी के आदर्शों से प्रेरित होकर सत्य, अनुशासन, संवेदना को जीवन का आधार बनाना ही राष्ट्रपिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
5 views | Jamui, Bihar | Oct 2, 2026