अभी-अभी अरेर में पुलिस की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार घायल, जुटी भीड़
अरेर थाना क्षेत्र के अरेर काली मंदिर के समीप सोमवार को पुलिस की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भदुली गांव निवासी 30 वर्षीय लालू यादव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लालू यादव बाइक से अरेर से भदुली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई, जिससे पोल टूट गया और वाहन पास स्थित घर की दीवार से जा भिड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल लालू यादव को इलाज के लिए मधुबनी ले जाया गया है। इधर, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बेनीपट्टी-मधुबनी मुख्य सड़क को अरेर काली मंदिर के समीप कुछ देर के लिए जाम कर दिया। बाद में प्रशासन और स्थानीय लोगों की पहल पर ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया गया। फिलहाल घायल युवक के परिजन उसके इलाज में लगे हुए हैं। जबकि क्षतिग्रस्त पुलिस की गाड़ी खबर संकलन तक घटनास्थल पर ही थी।