#भरतपुर। जिले के नगला धौर-उच्चैन रोड पर सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान होता गांव निवासी रामू, उनकी पत्नी नैना और उनके छोटे बच्चे के रूप में हुई है। दुर्घटना के वक्त वहां से गुजर रहीं पूर्व सांसद रंजीता कोली ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और तीनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उच्चैन पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्परता से घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिसके बाद तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पूर्व सांसद ने डॉक्टरों से घायलों के बेहतर इलाज का आग्रह किया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की समय पर मदद करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है, क्योंकि चंद मिनटों की संवेदनशीलता किसी की जान बचा सकती है। संकट के समय दिखाई गई उनकी इस तत्परता और सेवाभाव की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की है।