#बेहद_दर्दनाक_हादसा..
भरतपुर। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय निजी मिल कर्मचारी भगत सिंह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भगत सिंह सोमवार को बिजली का बिल जमा कराने और बाजार से पशुओं का सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिड़यानी गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भगत सिंह सड़क पर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण सुरेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत जिला आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक भगत सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और बेटा अभी नाबालिग हैं। इस अचानक हुई मौत से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। चिकसाना थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।