इस्कॉन श्रीनगर ने भक्ति और उल्लास के बीच मनाई जन्माष्टमी
महाअभिषेक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और छप्पन भोग ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
श्रीनगर गढ़वाल। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) श्रीनगर की ओर से आयोजित ‘जन्माष्टमी महोत्सव सप्ताह’ का भव्य आयोजन श्रीनगर स्थित सर्राफा धर्मशाला में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर्व को लेकर आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देर रात तक भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
महोत्सव में उत्तराखंड सरकार के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी तथा एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. श्रीप्रकाश सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का भव्य महाअभिषेक किया गया। इसके साथ ही मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्ति कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया और मध्यरात्रि में भगवान के प्राकट्य के अवसर पर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ जन्मोत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सर्राफा धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन एवं महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस्कॉन श्रीनगर के आयोजक आश्रय कृष्ण दास, आनंद केशव दास, माधव दास एवं शिवम रावत ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।