*नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने पॉलिटेक्निक कॉलेज धांगड़ व गांव ढिंगसरा में चलाया नशा विरोधी जागरूकता एवं उपचार अभियान*
*– विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, नशामुक्त जीवन अपनाने का दिया संदेश*
*– गांव ढिंगसरा में 4 ड्रग पीड़ित चिन्हित, 7 उपचाराधीन पीड़ितों सहित कुल 11 की काउंसलिंग कर दवाइयां उपलब्ध करवाईं*
फतेहाबाद, 2 अक्टूबर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता, उपचार एवं पुनर्वास अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज धांगड़ में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके उपरांत नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद के इंचार्ज उप निरीक्षक सुन्दरलाल अपनी टीम के साथ गांव ढिंगसरा पहुंचे। वहां आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया तथा नशे से पीड़ित लोगों को उपचार के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने गांव में 4 नए ड्रग पीड़ितों को चिन्हित किया। इसके साथ ही पहले से उपचाराधीन 7 पीड़ितों की भी काउंसलिंग की गई। इस प्रकार कुल 11 पीड़ितों को काउंसलिंग के उपरांत आवश्यकतानुसार होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं और उन्हें नियमित उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्ति टीम ने आमजन से अपील की कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को छिपाने या उपेक्षित करने के बजाय उसे उपचार एवं काउंसलिंग के लिए आगे लाएं। समय पर उपचार, परिवार का सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति नशे से बाहर निकलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ-साथ पीड़ितों को उपचार से जोड़ने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।*