कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम लखौरा में 'एक बगिया मां के नाम' योजना के अंतर्गत विकसित की जा रही फलदार पौधों की वाटिका का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पौधरोपण, सुरक्षा एवं सिंचाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पौधों के समुचित विकास के लिए नियमित देखभाल और तकनीकी मार्गदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्थानीय किसान एवं हितग्राही श्री महेश सिंह के खेत पहुंचे, जहां लगभग आधा एकड़ क्षेत्र में आम के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने पौधों की प्रजाति, लागत, सिंचाई व्यवस्था एवं पानी की उपलब्धता की जानकारी ली और हितग्राही के प्रयासों की सराहना करते हुए बगीचे के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही पौधों के बीच उपलब्ध खाली स्थान में अंतरवर्तीय फसलें लगाने की सलाह दी, ताकि किसानों को फल उत्पादन शुरू होने से पहले भी अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में फलों के विपणन के लिए स्थानीय एवं बाहरी बाजार का अध्ययन कर प्रभावी विपणन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि 'एक बगिया मां के नाम' योजना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत केवल आम ही नहीं, बल्कि अन्य फलदार पौधों का भी रोपण कराया जाए। इसके लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना से जुड़े कुओं एवं अन्य जल संरचनाओं को कूप पुनर्जलभरण कार्यों से जोड़ने पर बल दिया, ताकि भूजल स्तर में वृद्धि हो और किसानों को सिंचाई के लिए नियमित जल उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने श्री महेश सिंह से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी भी ली। उन्होंने पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की गैप फिलिंग का कार्य 10 दिनों के भीतर पूरा करने, नए हितग्राहियों का चयन करने तथा कूप रिचार्ज संरचनाओं के निर्माण के लिए 15 दिनों के भीतर कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से कृषि उत्पादन बढ़ेगा, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री हरिश्चंद्र द्विवेदी, एपीओ मनरेगा श्री वरुण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
#anuppur