*कुक्षी और डही में ‘टीबी मुक्त जनजाति अभियान’ का शुभारंभ, स्वास्थ्य रथ को दिखाई हरी झंडी*
*एआई आधारित एक्स-रे तकनीक से होगी टीबी की प्रारंभिक पहचान*
*धार, 18 नवंबर 2026।* जिले के जनजातीय बहुल कुक्षी एवं डही विकासखंड में टीबी उन्मूलन की दिशा में ‘टीबी मुक्त जनजाति अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल अस्पताल कुक्षी परिसर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रथ को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पिरामल स्वास्थ्य एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस अभियान के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और टीबी संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
अभियान की प्रमुख विशेषता एआई आधारित एक्स-रे तकनीक है। इसके माध्यम से संभावित टीबी मरीजों के फेफड़ों की जांच कर बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान की जा सकेगी। इससे समय पर उपचार प्रारंभ करने और टीबी उन्मूलन के प्रयासों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला क्षय अधिकारी डॉ. संजय जोशी, पिरामल स्टेट लीड डॉ. विकास जैन, प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. रक्षा गुप्ता, डॉ. अरविन्द पाटीदार, डॉ. नरेंद्र पवैया, डॉ. पटेरिया, संदीप सोलंकी, महादेव पवार सहित पिरामल स्वास्थ्य के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026