*उज्जैन संभाग में पल्स पोलियो अभियान में 98 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति*
---
*उज्जैन संभाग के देवास, नीमच एवं मंदसौर जिलों में 22, 23 एवं 24 नवम्बर को आयोजित हुआ पल्स पोलियो अभियान*
---
उज्जैन। क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, उज्जैन संभाग डॉ. दीपक पिप्पल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 22, 23 एवं 24 नवम्बर 2026 को उज्जैन संभाग के अंतर्गत देवास, नीमच एवं मंदसौर जिलों में पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत तीनों जिलों में सामूहिक प्रयासों से कुल 98 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति की गई।
पल्स पोलियो अभियान का मुख्य उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना तथा पोलियो उन्मूलन की दिशा में देश की उपलब्धि को बनाए रखना है। अभियान के दौरान निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके साथ ही अभियान की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य किया गया।
डॉ. दीपक पिप्पल द्वारा अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभियान में समस्त टीमों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य किया गया।
पोलियो अभियान के दौरान अभिभावकों को जागरूक किया गया कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, क्योंकि पोलियो से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण के साथ-साथ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में दी जाने वाली खुराक भी महत्वपूर्ण है। अभियान में किसी कारणवश पोलियो की खुराक लेने से छूटे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें खुराक दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
उज्जैन संभाग के देवास, नीमच एवं मंदसौर जिलों में 98 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और जनसहयोग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। अभियान के माध्यम से बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया।
क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, उज्जैन संभाग डॉ. दीपक पिप्पल ने अभियान में सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले समस्त स्वास्थ्य अमले को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोलियो मुक्त समाज के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM&HO Office Ujjain Directorate of Health Services, Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 25, 2026