बेलर मशीनों से किया जा रहा पराली प्रबंधन, गांव गांव जाकर अधिकारी दे रहे समझाइश
----
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन मे जिले में पराली प्रबंधन अभियान के तहत नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम मे आज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री गगन सिंह मीना एवं उप संचालक कृषि श्री आर.के. सिंह ने श्योपुर तहसील के ग्राम ढोटी, प्रेमसर तथा बड़ौदा तहसील के ग्राम इंद्रपुरा, ललितपुरा, बड़ौदा एवं पांडोला का भ्रमण कर पराली प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया और किसानों को नरवाई नहीं जलाने की समझाइश दी।
भ्रमण के दौरान ग्राम चौपना के माड़ में नरवाई में लगाई गई आग को फायर ब्रिगेड बुलाकर बुझाया गया। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि बेलर मशीन से पराली के गठ्ठे बनाकर तथा हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर से सीधे खेत में बुवाई कर नरवाई का उचित प्रबंधन किया जा सकता है। जिले के ग्राम जावदेश्वर, भौगिका तिराहा, बरखेड़ा, मेवाड़ा, अलापुरा, बड़ौदा, बनवाड़ा, हलगांवड़ा, इंद्रपुरा, प्रेमसर एवं ढोटी में कुल 14 बड़े बेलर मशीनों से पराली प्रबंधन का कार्य किया जा रहा है। किसानों के खेतों में बेलर मशीन से पराली के गठ्ठे नि:शुल्क बनाए जा रहे हैं।
बगैर एसएमएस हार्वेस्टर संचालन पर जुर्माने की कार्यवाही
जिला परिवहन अधिकारी श्री जगदीश सिंह ने बताया कि पराली जलाने संबंधी प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने पर अब तक 10 कंबाइन हार्वेस्टर के विरुद्ध 50 हजार रुपये जुर्माने की कार्रवाई की गई है। वहीं बिना नंबर एवं दस्तावेज के पाए गए एक कंबाइन हार्वेस्टर को मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम 1991 की धारा 16/3 के अंतर्गत जब्त कर पुलिस थाना बड़ौदा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। इस प्रकार कुल 11 कंबाइन हार्वेस्टर पर कार्रवाई की गई है। नरवाई जलाने वाले किसानों के विरुद्ध 98 प्रकरण दर्ज कर 2 लाख 37 हजार 500 रुपये के जुर्माने की कार्रवाई भी की गई है।
नियमों के अनुसार दो एकड़ से कम भूमि वाले किसानों पर प्रति घटना 2,500 रुपये, दो से पांच एकड़ तक भूमि वाले किसानों पर 5,000 रुपये तथा पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों पर 15,000 रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
पराली से बनेगी सीबीजी गैस एवं ब्रिकेट्स
सहायक कृषि यंत्री श्री नवीन कुमार ने किसानों से अपील की कि वे धान की पराली न जलाएं तथा हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, रोटावेटर, स्लेशर, मल्चर, बेलर एवं हैरो जैसे उन्नत कृषि यंत्रों का उपयोग कर पराली का प्रबंधन करें। पराली से सीबीजी गैस एवं ब्रिकेट्स का निर्माण कर नवकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे पर्यावरण प्रदूषण पर रोक लगेगी तथा खेतों में मौजूद मित्र कीटों एवं जीव-जंतुओं की रक्षा के साथ भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहेगी।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री शरद रघुवंशी, कृषि विस्तार अधिकारी श्री सुरेश कुमार बंसल, श्री नान सिंह किराड़े, श्री शिव सिंह जाटव, पीसीएस वेंडर श्री रोहन साहिल, ग्राम पंचायत इंद्रपुरा के रोजगार सहायक एवं कृषकगण उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026