राज्यस्तरीय राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस कार्यक्रम में डिंडौरी के 50 मत्स्य पालकों ने की सहभागिता
डिंडौरी राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस के अवसर पर 10 जुलाई 2026 को कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 50 मत्स्य पालकों ने सहभागिता कर मत्स्य पालन की नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील मत्स्य पालकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी एवं आधुनिक बनाने के लिए विशेषज्ञों द्वारा नवीन तकनीकों की जानकारी दी गई तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांसद जबलपुर श्री दुबे के मुख्य आतिथ्य में पुरस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री एल.एस. श्याम, मत्स्य निरीक्षक श्री बी.के. सिरसाम, सहायक मत्स्य अधिकारी श्री विशाल शरणागत सहित जिले की विभिन्न मत्स्य सहकारी समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें मत्स्य सहकारी समिति चौरा के अध्यक्ष श्री बघत लाल बर्मन, सहकारी समिति देवरी कला के अध्यक्ष श्री छिद्दी लाल बर्मन, नर्मदा मत्स्य सहकारी समिति घानामार के अध्यक्ष श्री चंद्रकांत नंदेहा, सहारा मत्स्य सहकारी समिति मर्या लाखो के अध्यक्ष श्री कोमल सिंह तथा शिवालय मत्स्य सहकारी समिति मर्या टिकरिया के अध्यक्ष श्री दयाराम बरमैया सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से मत्स्य पालकों को नवीन तकनीकों, आधुनिक मत्स्य पालन पद्धतियों एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी प्रदान की गई, जिससे जिले में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #dindori
24 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026