विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आज दिनांक 11.07.2026 को रोहतास जिले में मिशन परिवार विकास अभियान एवं परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र द्वारा जीएनएम स्कूल की छात्राओं एवं आशा कार्यकर्ताओं की जागरूकता प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन का उद्देश्य केवल महिला बंध्याकरण या पुरुष नसबंदी नहीं, बल्कि अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों के माध्यम से भी परिवार को योजनाबद्ध और स्वस्थ बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "समाज का हर बच्चा चाहा हुआ हो, एक भी बच्चा अनचाहा न हो।"
जिलाधिकारी ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर एडीएम, डीपीआरओ सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, सदर अस्पताल सासाराम में सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव डॉ. मणिराज रंजन ने दीप प्रज्वलित कर परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन किया तथा जिला स्तरीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ अंतराल और समृद्ध परिवार का संदेश दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी तथा परिवारों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ समय एवं दो गर्भधारण के बीच उचित अंतराल (एचटीएसपी) अपनाने से माताओं और नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा कुपोषण, समयपूर्व प्रसव और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों में कमी आती है।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी, छाया, गर्भनिरोधक गोलियां एवं कंडोम सहित सभी आवश्यक साधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इच्छुक महिलाओं के बंध्याकरण पर ₹2,000 तथा पुरुष नसबंदी पर ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, महिला बंध्याकरण के लिए प्रेरित करने वाले मोटिवेटर को ₹300 तथा पुरुष नसबंदी के लिए प्रेरित करने पर ₹400 प्रति व्यक्ति देने का भी प्रावधान है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. पुष्कर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आर.के.पी. साहू, एनसीडीओ डॉ. राजीव रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह, जिला योजना समन्वयक संजीव मधुकर, जिला लेखा प्रबंधक अभिजीत गौरव, हॉस्पिटल मैनेजर अजय कुमार, परिवार नियोजन परामर्शी नुजहत प्रवीण सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मी तथा पिरामल स्वास्थ्य एवं गांधी फेलोज की टीम भी मौजूद रही। अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
#IPRD
#HealthDepartmentBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Patna, Bihar | Jul 11, 2026