देहरादून। उत्तराखंड में ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी टीम ने बुधवार को गिरोह से जुड़े दो प्रमुख आरोपियों नवीन सिंह नेगी और कविता परमार को गिरफ्तार किया है। मामले में लविश चौधरी को मुख्य मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो विदेश में बैठकर कथित तौर पर विभिन्न कंपनियों के माध्यम से नेटवर्क संचालित कर रहा था।
एसटीएफ की जांच में BotBro, BotAlpha, Cross Market, Mine Crypto, Meta Trade 5, Financial Freedom और TLC Coin जैसी कंपनियों के नाम सामने आए हैं। जांच के अनुसार, ये कंपनियां भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) में पंजीकृत नहीं थीं। इसके बावजूद लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर जोड़ा गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नवीन सिंह नेगी वर्ष 2022 से पहले QFX कंपनी से जुड़ा था। इसके बाद वह लविश चौधरी की BotBro और BotAlpha कंपनियों से जुड़ गया और कंपनी में किंग लेवल तक पहुंच गया। BotBro बंद होने और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने के बावजूद उसने कथित तौर पर RISENWAYS नाम से नई कंपनी शुरू कर दी और जूम मीटिंग के माध्यम से लोगों को जोड़ना जारी रखा।
वहीं, दूसरी गिरफ्तार अभियुक्ता कविता परमार (36), निवासी बालावाला, देहरादून कंपनी में सीनियर ईगल एग्जीक्यूटिव के पद पर थी। एसटीएफ के अनुसार, उसकी रोबो आईडी से करीब 10 से 15 हजार लोग जुड़े हुए थे। पूछताछ में उसने बताया कि उसे कंपनी से प्रतिमाह करीब 1,000 डॉलर का लाभ मिलता था।
पूछताछ के दौरान कविता ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच वह कंपनी के सेमिनार के नाम पर मलेशिया, थाईलैंड, दुबई और वियतनाम की करीब 12 से 13 बार यात्रा कर चुकी है। इन यात्राओं के दौरान आने-जाने, रहने और खाने का खर्च कंपनी की ओर से उठाया जाता था।
एसटीएफ के मुताबिक, कविता ने पूछताछ में यह भी बताया कि निवेशकों के पैसे के बदले उनके ऑनलाइन खातों में डॉलर के रूप में रकम दिखाई जाती थी, जबकि वास्तव में वह वास्तविक धनराशि नहीं होती थी।
दो मोबाइल फोन बरामद, लेन-देन की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को इन मोबाइल फोन से बैंक ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े लेन-देन के अहम साक्ष्य मिलने की उम्मीद है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना देहरादून में मुकदमा संख्या 53/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, आईटी एक्ट और BUDS एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ ने जनता से की सतर्क रहने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, अधिक मुनाफा देने और विदेश यात्राओं जैसे प्रलोभन देने वाली कंपनियों के झांसे में न आएं। किसी भी निवेश से पहले संबंधित कंपनी का RBI और SEBI में पंजीकरण अवश्य जांचें।
#UttarakhandSTF #STFAction #DehradunNews #BotBroScam #BotBroFraud #BotAlpha #RisenwaysScam #OnlineTradingScam #OnlineFraud #CyberCrime #CyberFraud #LavishChaudhary #UttarakhandNews #BreakingNews #BigBreaking #FraudAlert #TradingFraud #CryptoScam #InvestmentFraud #ScamAlert #PoliceAction #STFInvestigation #PahadSandesh
Puraula, Uttarkashi | Nov 8, 2026