*जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित*
*जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के दिये निर्देश*
डीडवाना-कुचामन,6 अक्टूबर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी को पूरी तरह रोकना और युवाओं को नशे से बचाने के उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने नशे की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों व कारवाई के बारे में अवगत करवाया गया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर ड्रग तस्करों और अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करने, स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू व नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने तथा मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण कर प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने वालों के लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा और जनसंपर्क विभाग के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के युवाओं के लिए विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने, जिले में संचालित पुनर्वास व नशामुक्ति केंद्रों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए ताकि वहां मरीजों को सही इलाज और काउंसिलिंग मिल सके। साथ ही हर महीने इसकी प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
बैठक में समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक रजनीश चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया विश्नोई सहित आबकारी, वन, उच्च शिक्षा, ड्रग कंट्रोलर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Oct 6, 2026