श्रावण मास से पहले अलर्ट मोड में पुलिस: तामेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
संतकबीरनगर। आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संतकबीरनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे ने प्रसिद्ध तामेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त किया जाए।क्षेत्राधिकारी ने मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पुलिस व मंदिर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।संतकबीरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।