‘छात्रों की गूंज’ को लेकर गरमाई MP की सियासत, शाहनगर में कांग्रेस ने BJP सरकार पर साधा निशाना
19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद, पन्ना जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने छात्रों और कार्यकर्ताओं से पहुंचने का किया आह्वान
शाहनगर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आगामी 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छात्रों, युवाओं, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संवाद कर रही है।
इसी क्रम में सोमवार को शाहनगर रेस्ट हाउस में कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पन्ना जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान अपने साथियों के साथ जिले के विभिन्न ब्लॉकों में पहुंचकर NSUI, यूथ कांग्रेस, छात्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान कर रहे हैं।
शाहनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने NEET परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया और छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग की।
अनीश खान ने कहा कि कांग्रेस विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। उनका कहना है कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष छविलाल चौधरी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम रजक, NSUI से करण वर्मा सहित छात्र-छात्राएं और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र के छात्रों, युवाओं और कार्यकर्ताओं से 19 सितंबर को इंदौर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए उठाए जा रहे छात्र और युवा मुद्दे मध्य प्रदेश की सियासत में कितना असर पैदा करते हैं।
भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
#छात्रोंकीगूंज #Congress #Panna #Shahnagar #RahulGandhi