लायंस क्लब गिरिडीह एलीट एवं आविष्कार डायग्नोसिस के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट एवं आविष्कार डायग्नोसिस के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
शिविर में ब्लड शुगर, कैल्शियम, कोलेस्ट्रॉल एवं ECG की जांच निःशुल्क की गई। वहीं KFT, LFT, Vitamin B12, Vitamin D3 एवं Thyroid जैसी महत्वपूर्ण जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई। शिविर में 250 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ए के रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने बताया कि क्लब का सेवा सप्ताह चल रहा है। इसी के तहत यह स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे सप्ताह विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा एवं सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्लब अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा कि क्लब का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों का जीवन काफी तनावपूर्ण हो गया है। इसी को देखते हुए क्लब द्वारा जल्द ही मेंटल हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता, सचिव डॉ. सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन डॉ. विकास लाल, लायन मुकेश आनंद, लायन रवि राज, लायन दशरथ प्रसाद, लायन सुदीप गुप्ता, लायन शत्रुघ्न सिंह, लायन शब्बीर आलम, लायन अरविंद कुमार सहित क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आविष्कार डायग्नोसिस के संचालक श्री दिवेन तिवारी सहित समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।