#देवरिया: जनता दर्शन में डीएम ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, आयुष्मान कार्ड और दिव्यांग पेंशन पर दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देवरिया, 21 जुलाई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान सलेमपुर तहसील के ग्राम इटहुआ निवासी गीता देवी, पत्नी अभय यादव ने बताया कि उनके पति गंभीर रूप से बीमार हैं और इलाज में पूरी जमा-पूंजी खर्च हो चुकी है। आर्थिक तंगी के कारण उपचार कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की।
इसी प्रकार विकासखंड भटनी के ग्राम पड़ौली निवासी राजमती देवी, पत्नी रामनाथ प्रसाद ने भी परिवार के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड जारी कराने का अनुरोध किया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पात्रता के अनुसार तत्काल आयुष्मान कार्ड बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र और जरूरतमंद लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
वहीं, भलुअनी नगर पंचायत निवासी साधनी देवी ने दिव्यांग पेंशन बंद होने की शिकायत करते हुए उसे पुनः शुरू कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर पात्रता के अनुसार दिव्यांग पेंशन शीघ्र बहाल कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
DM Deoria