नहाने गए युवक की करंट लगने से मौत, बचाने दौड़ी पत्नी भी झुलसी
देवरिया। जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के बभनौली कला गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी पत्नी भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक नहाने के दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया। पति को तड़पता देख उसकी पत्नी उसे बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी का उपचार किया गया।
सूचना मिलते ही भटनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
DM Deoria #deoria
Deoria, Deoria | Jun 15, 2026