सेवा संकल्प अभियान के तहत उप-जेल नागौद में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
राज्यमंत्री ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
-----
सतना 11 अक्टूबर 2026/प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को उप जेल नागौद में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती Pratima Bagri ने सहभागिता की। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने जेल परिसर में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए जेल में सकारात्मक, अनुशासित एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में अपने विचार साझा किए।
राज्यमंत्री ने कहा कि जेल व्यवस्था में सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाना महत्वपूर्ण है। बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, उन्हें अनुशासन एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने स्वस्थ वातावरण और सकारात्मक सोच को बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन तथा बंदियों के सामाजिक पुनर्वास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक आशीष मंजना सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं उपस्थितजन मौजूद रहे।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#सतना