ओलंपिक सप्ताह पर हमीरपुर में जागरूकता दौड़, खेलों को बताया स्वस्थ और सशक्त भारत का आधार
अनुराग ठाकुर बोले— खेलों को अपनाकर ही नशामुक्त, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी का होगा निर्माण
हमीरपुर।। News123 ।। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के उपलक्ष्य में जिला ओलंपिक संघ हमीरपुर द्वारा स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक एकता, सद्भावना और फिट इंडिया मूवमेंट को समर्पित भव्य जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ दौड़ में भाग लिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। यदि आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त, अनुशासित, आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बनाना है तो खेलों और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को राष्ट्रीय विकास और युवा सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है। खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS), आधुनिक खेल अवसंरचना, उन्नत प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसरों जैसी पहलों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।