बाढ़ सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, बागमती तटबंध और बेलवा घाट का संयुक्त निरीक्षण,
शिवहर। संभावित बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से बागमती नदी के बाएं तटबंध एवं बेलवा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी की टीम ने संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की। समीक्षा में पाया गया कि कटाव रोकने के लिए बड़े पैमाने पर जियो बैग तटबंध पर पहुंचाए जा रहे हैं। वहीं, तटबंध के आसपास सुरक्षा में बाधक झाड़-झंखाड़ और अवैध अतिक्रमणों को हटाने का कार्य भी जारी है। तटबंध की आवश्यक मरम्मत का कार्य प्रगति पर पाया गया, जबकि बेलवा घाट पर सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) ने कार्यपालक अभियंता को शेष सभी मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा तटबंध के मार्ग में आने वाले हर प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तटबंध का पूरी तरह सुरक्षित होना आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है तथा आमजन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।